- Home
- टॉप न्यूज़
- दुर्ग
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED का छापा, उनके बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र ।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED का छापा, उनके बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र ।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल के घर और उनके बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा। सोमवार सुबह भिलाई-3 के पदुमनगर स्थित उनके निवास पर चार गाड़ियों में पहुंची टीम ने दस्तावेजों की जांच शुरू की। बघेल परिवार के अलावा ED ने भिलाई के नेहरू नगर में मनोज राजपूत, चरोदा में अभिषेक ठाकुर और संदीप सिंह, दुर्ग में कमल अग्रवाल (किशोर राइस मिल) और सुनील अग्रवाल (सहेली ज्वेलर्स) सहित बिल्डर अजय चौहान के यहां भी छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग, कोल लेवी और महादेव सट्टा ऐप केस से जुड़ी हो सकती है। इससे पहले भी महादेव सट्टा ऐप घोटाले में FIR दर्ज हो चुकी है, जिसमें भूपेश बघेल समेत 21 लोगों के नाम शामिल थे ।
छापे के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर कहा कि सात वर्षों से चले आ रहे झूठे केस को जब कोर्ट में खारिज कर दिया गया, तो अब ED उनके घर पर पहुंच गई। उन्होंने इसे कांग्रेस को रोकने की साजिश करार दिया। ED की कार्रवाई के विरोध में भिलाई के पदुमनगर स्थित बघेल के घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा द्वारा ED के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कार्रवाई का विरोध किया। महादेव सट्टा ऐप केस में एक साल पहले आर्थिक अनुसंधान शाखा (EOW) ने ED की शिकायत पर भूपेश बघेल समेत 21 लोगों पर FIR दर्ज की थी। इस मामले में ऐप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और कई पुलिस अधिकारियों व कारोबारियों के नाम शामिल थे। उस समय भी बघेल ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया था ।
Patel News

वेबसाइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार/फोटो/वीडियो आदि) शामिल होगी। पटेल न्यूज़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई जिम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। पटेल न्यूज़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता/ खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, पटेल न्यूज़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नही होगी। सभी विवादों का न्याय क्षेत्र बिलासपुर होगा।
Categories
© Copyright 2020 Patel News. All Rights Reserved. Design by: TWS
