नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक के पक्ष में लिया नाम वापस, महापौर के दो और पार्षद के नौ प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम ।

feature-top

बिलासपुर। नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक के पक्ष में नाम वापस ले लिया। दूसरी ओर टिकरापारा क्षेत्र से कांग्रेस नेता लालटू घोष ने टिकट कटने के बाद नाराज होकर नाम वापस लिया और भाजपा को समर्थन कर दिया है। नगर निगम बिलासपुर में नाम वापसी के अंतिम समय तक महापौर पद के 2 उम्मीदवार एवं पार्षद पद के 9 उम्मीदवारों ने नामांकन आज वापस ले लिया है। रिटर्निंग अधिकारी आर. ए. कुरूवंशी ने बताया कि महापौर पद के लिए त्रिलोक चंद श्रीवास एवं ननकी राम पटेल ने नामांकन पत्र वापस लिया है। इसी प्रकार वार्ड पार्षद के लिए वार्ड क्रमांक 15 से वेदराम यादव, विनोद यादव, वार्ड क्रमांक 07 से मनोज पाठकर, वार्ड क्रमांक 03 से निरीता बघेल, विमला रातरे, वार्ड क्रमांक 61 से मयंक सिंह गौतम, वार्ड क्रमांक 11 से उषा रानी प्रजापति, सत्या रजक एवं वार्ड क्रमांक 10 से मोहम्मद युसुफ ने अपना नामांकन वापस ले लिया। कल दो पार्षद प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए थे ।

चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों में से मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के प्रत्याशियों को उनके दल के लिए आरक्षित प्रतीक चिन्ह आबंटित कर दिया गया है। अन्य प्रत्याशियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप देर शाम तक चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिया गया है। नाम वापसी के अंतिम दिन कलेक्ट्रेट में दिनभर गहमागहमी बनी रही। वार्डों के प्रत्याशी बागियों को मान मनौवल करके लाते रहे और नाम वापसी कराते रहे। नाम वापस लेने के बाद कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने कहा कि वे कांग्रेस के प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश के वरिष्ठ नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत एवं अन्य राष्ट्रीय नेताओं के अनुरोध पर अपना नामांकन वापस लिया है। इसके अलावा प्रमोद नायक जो कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, उनसे उनके 25 वर्षों से ज्यादा समय से पारिवारिक संबंध है। प्रमोद नायक ने भी घर आकर अनुरोध किया और कहा कि संघर्ष के समय में वह उनका साथ दे। उनके भावनात्मक अपील एवं कांग्रेस के प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेताओं के अनुरोध पर नामांकन वापस ले रहे हैं ।

feature-top
feature-top

Popular News