भीषण सड़क हादसा, तेज़ रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार आरक्षकों को मारी ठोकर, एक की मौत और एक की हालत गंभीर ।

feature-top

बिलासपुर। रविवार की रात तिफरा फ्लाईओवर में बाइक सवार आरक्षकों को तेज रफ्तार भारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में सिविल लाइन थाने में पदस्थ एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंचे जवानों ने शव को जिला अस्पताल के चीरघर में रखवाया है। वहीं घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना आरक्षक के स्वजन को दे दी गई है। सोमवार की सुबह शव का पीएम कराया जाएगा । सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक संदीप कुर्रे सीसीटीएनएस का काम देखते थे। रविवार की शाम वे अपने साथी आरक्षक नवीन बागड़े के साथ किसी काम से तिफरा की ओर गए थे। रात के करीब 10 बजे वे अपनी बाइक से शहर की ओर लौट रहे थे। तिफरा फ्लाईओवर में अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार आरक्षक फ्लाईओवर पर गिर गए। हादसे में बाइक सवार संदीप भारी वाहन के पहियों के नीचे आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नवीन दूर जाकर गिरे ।

नवीन को भी हादसे में गंभीर चोटें आई है। किसी ने हादसे की जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी। इस पर थाने में पदस्थ जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आनन-फानन में घायल नवीन को निजी अस्पताल भेजा। वहीं, संदीप के शव को जिला अस्पताल के चीरघर भेज दिया गया है। सोमवार की सुबह शव का पीएम कराया जाएगा। इधर हादसे की जानकारी होने पर संदीप के स्वजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। आरक्षक के साथ काम करने वाले जवान उन्हें सांत्वाना दे रहे थे । सड़क हादसे में मृत आरक्षक संदीप लंबे समय से सिविल लाइन थाने में पदस्थ थे। रविवार की रात हुए हादसे के बाद उनके साथ काम करने वाले जवान ही मौके पर पहुंचे। साथ में काम करने वाले आरक्षक मनोज भी एकबारगी अपने दोस्त को नहीं पहचान सके। उनके पास मिले आइ कार्ड से पहचान होते ही सिविल लाइन थाने के जवान सकते में आ गए। कई जवान तत्काल ही मौके पर पहुंच गए। वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी परिवेश तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली है ।

feature-top
feature-top

Popular News