- Home
- टॉप न्यूज़
- बिलासपुर
- रतनपुर और बिलासपुर में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाला गिरोह चढ़ा रतनपुर पुलिस के हत्थे, पर्यटकों को बनाया करते थे लूट का शिकार ।
रतनपुर और बिलासपुर में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाला गिरोह चढ़ा रतनपुर पुलिस के हत्थे, पर्यटकों को बनाया करते थे लूट का शिकार ।
बिलासपुर। रतनपुर धार्मिक और पर्यटन नगरी है। कई प्रसिद्ध मंदिरों के साथ आसपास जंगल और जलाशय भी है, इसलिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां सैर सपाटे के लिए आते हैं। इन्हीं टूरिस्ट से लूटपाट करने वाले गिरोह को पकड़ने में रतनपुर पुलिस को सफलता मिली है । 22 जनवरी को ग्राम अकलतरी में रहने वाला धर्म प्रकाश पारकर भैसाझार डैम घूमने गया था, जब वह दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर लौट रहा था तो सुनसान रास्ते में नीले रंग की बाइक में सवार तीन बदमाशों ने उसे रोका और चाकू की नोक पर उसकी जेब में मौजूद ₹600 और मोबाइल लूट लिया । लूट की घटना से धर्म प्रकाश इतना सहम गया कि पुलिस के पास जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाया। लेकिन जब कुछ लोगों ने उसका हौसला बढ़ाया तो उसने 28 जनवरी को इसकी शिकायत रतनपुर थाने में की। पुलिस ने संदेह के आधार पर पूर्व में चोरी और लूटपाट के आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में भैरव बाबा मंदिर के पास पहाड़ी के नीचे झोपड़ी में रहने वाले राजा सारथी को हिरासत में लेने पुलिस उसके ठिकाने पर पहुंची । पुलिस को देखकर राजा सारथी भागने लगा था। इससे पुलिस का शक और बढ़ गया। घेराबन्दी कर उसे पकड़ा गया ।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी जेन्जरा डीह निवासी धनजीर शिकारी, जूना शहर रतनपुर निवासी संतोष नेताम और एक नाबालिक के साथ मिलकर 22 जनवरी की दोपहर जूना शहर मेंड्रा पारा के जंगल में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। उसी दिन शाम को इन लोगों ने चाकू की नोक पर एक और व्यक्ति को लूटा था। उससे भी मोटर साइकिल, दो मोबाइल और ₹170 लूटे गए थे । इन्हीं लोगों ने 27 और 28 तारीख की दरमियानी रात भी बिलासपुर सब्जी मंडी रोड झूलेलाल भवन के पास एक और व्यक्ति से उसका मोबाइल लूट लिया था । इन लोगों ने लूट में हासिल नगदी रकम खर्च कर डाली थी लेकिन इनसे लूटा हुआ मोबाइल, लूट का मोटर साइकिल और घटना में इस्तेमाल बाइक पुलिस ने बरामद किया है। साथ ही 3 चाकू भी बरामद कर लिया गया है , जिसे दिखाकर ये लोगों को डराया करते थे। इस मामले में पुलिस ने धनजीर शिकारी, राजा सारथी, संतोष नेताम और नाबालिक को पकड़ा है, जिनके पास से लूट के दो मोटरसाइकिल, 4 टच स्क्रीन मोबाइल, तीन चाकू बरामद किया है। यह गैंग काफी समय से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था ।
Patel News

वेबसाइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार/फोटो/वीडियो आदि) शामिल होगी। पटेल न्यूज़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई जिम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। पटेल न्यूज़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता/ खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, पटेल न्यूज़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नही होगी। सभी विवादों का न्याय क्षेत्र बिलासपुर होगा।
Categories
© Copyright 2020 Patel News. All Rights Reserved. Design by: TWS
